रविवार, 22 फ़रवरी 2009

फिर भी शरद पवार की चले सजाने सेज

मनमोहन से है नहीं उन्हें तनिक परहेज
फिर भी शरद पवार की चले सजाने सेज
चले सजाने सेज अगर पाएं परधानी
सपा समर्थन करे अमर की साफ बयानी
दिव्यदृष्टि जोकर को तो है नाच दिखाना
जो दे हलवा-पुड़ी उसका साथ निभाना

शनिवार, 14 फ़रवरी 2009

भारत को इस करतब से भगवान बचाए

बालक तेरह साल का बना ब्रिटन में बाप
वैलंटाइंस दिवस पर छोड़ी अद्भुत छाप
छोड़ी अद्भुत छाप, पाप कर चोरी-चोरी
पढ़ने की वय में ममी बन गई किशोरी
टीन एज में दिव्यदृष्टि बच्चा हो जाए
भारत को इस करतब से भगवान बचाए

शुक्रवार, 13 फ़रवरी 2009

हाथी को जो कर सके चीते में तब्दील

हाथी को जो कर सके चीते में तब्दील
वही मवेशी डॉक्टर करे रेल को डील
करे रेल को डील, चाल में तेजी लाए
हमें ब्लैक में आरक्षण तत्काल दिलाए
दिव्यदृष्टि सरकार कमाई करती काली
जेब यात्री की बेशक हो जाए खाली
चली पार्लामेंट में चटक चुनावी रेल
राहत की गठरी लिए आई लालू मेल
आई लालू मेल, खेल यादव का जारी
बुलट ट्रेन पटना ले जाने की तैयारी
दिव्यदृष्टि सारे गरीब रथ पर चढ़ जाएं
रहें स्वयं पिछड़े पर नेताजी बढ़ जाएं

बुधवार, 11 फ़रवरी 2009

कोलंबो में कर दिया लंका का निपटान

बने आखिरी वक्त में खतरनाक तूफान
कोलंबो में कर दिया लंका का निपटान
लंका का निपटान, पठानी पारी खेली
मार करारी सिंहलियों की टोली झेली
दिव्यदृष्टि लग गई पार धोनी की नैया
यादगार करतब दिखलाए दोनों भैया

मंगलवार, 10 फ़रवरी 2009

यह नौटंकी कुछ समझ न आई

संकट में जिसने दिया कांग्रेस का साथ
उस पर कैसे डाल दे सीबीआई हाथ
सीबीआई हाथ, माथ बेशक झुक जाए
मगर दूध का धुला मुलायम को बतलाए
दिव्यदृष्टि यह नौटंकी कुछ समझ न आई
अत: अदालत ने जमकर फटकार लगाई।

करने लगे अनिष्ट, मान-मर्यादा तजकर

लेकर बैनर-पोस्टर विस में हुए प्रविष्ट
तोड़फोड़ से सदन में करने लगे अनिष्ट
करने लगे अनिष्ट, मान-मर्यादा तजकर
राज्यपाल पर फेंकें माइक, गोले डटकर
दिव्यदृष्टि हों जहां विधायक ऐसे पाजी
लोकलाज को त्याग वहां हो ढेलेबाजी

सोमवार, 9 फ़रवरी 2009

अपने मिस्टर कूल को मिली छोकरी नर्म

खबर आ रही आजकल काफी गर्मागर्म
अपने मिस्टर कूल को मिली छोकरी नर्म
मिली छोकरी नर्म, टर्म सुन्दर सुखदायी
स्वयं 'साक्षी' ने जग को यह बात बताई
दिव्यदृष्टि इसलिए न कतई देर लगाओ
शहनाई कब बजे फटाफट हमें बताओ।
Powered By Blogger

यह मैं हूं

यह मैं हूं