बुधवार, 15 अक्टूबर 2008

गए इलेक्शन मोड में सूबे पूरे पांच

गए इलेक्शन मोड में सूबे पूरे पांच
मतदाता अब करेंगे नेताओं की जांच
नेताओं की जांच, मने किसकी दीवाली
झोली किसकी भरे कौन झेले कंगाली
दिव्यदृष्टि सब हाल आपको बतलाएगा
सभी पाठकों से अपनापन जतलाएगा

मंगलवार, 14 अक्टूबर 2008

बेशर्मी से दे रहे फिर भी मधुर दलील

सच्चाई के नाम पर दृश्य भरे अश्लील
बेशर्मी से दे रहे फिर भी मधुर दलील
फिर भी मधुर दलील दिखाएं ऐसा फैशन
बिगड़ें जिससे बाल नशे का छाए पैशन
दिव्यदृष्टि संकेत नहीं यह अच्छाई के
दृश्य भरे अश्लील नाम पर सच्चाई के।

सोमवार, 13 अक्टूबर 2008

दिखा नहीं पाए सचिन करतब कोई खास

किस्मत धोखा दे गई हुई न पूरी आस
दिखा नहीं पाए सचिन करतब कोई खास
करतब कोई खास रह गए जरा अभागे
निकल न पाए , इसीलिए लारा से आगे
पाते-पाते लक्ष्य बंद हो गया झरोखा
हुई न पूरी आस दे गई किस्मत धोखा

शुक्रवार, 10 अक्टूबर 2008

कांग्रेस में फील गुड बीजेपी में बैड

कांग्रेस में फील गुड बीजेपी में बैड
बाएं बाजू के सभी कामरेड हैं सैड
कामरेड हैं सैड, कर रहे कानन रोदन
हुई ऐटमी डील मुदित दीखें मनमोहन
दिव्यदृष्टि तू छोड़ नजरिया प्यारे शक्की
बिजली पाकर देश करेगा खूब तरक्की

बूढ़ा है तो क्या हुआ, है तो आखिर शेर

बूढ़ा है तो क्या हुआ, है तो आखिर शेर
बड़े मेमनों को अभी, कर सकता है ढेर
कर सकता है ढेर, उसे हल्के मत लेना
है काबू में अब भी उसकी अपनी सेना
दिव्यदृष्टि जब पड़े 'सामना' उससे प्यारे
छुटभैयों को दिन में भी दीखेंगे तारे

गुरुवार, 9 अक्टूबर 2008

किंग खान इसलिए करेंगे बिजनेस मोटा

आईपीएल में नहीं कर पाए कुछ खास
बॉलिवुड भी आजकल नहीं आ रहा रास
नहीं आ रहा रास , पास फिल्मों का टोटा
किंग खान इसलिए करेंगे बिजनेस मोटा
दिव्यदृष्टि मुम्बई उन्हें अब लगती डर्टी
अत: शाह रुख दुबई में बेचें प्रॉपर्टी

मंगलवार, 7 अक्टूबर 2008

मान सहित मैदान करेंगे खाली दादा

भरी जवानी में लिया क्रिकेट से संन्यास
अपने सौरव गांगुली प्लेयर निकले खास
प्लेयर निकले खास, जताया नेक इरादा
मान सहित मैदान करेंगे खाली दादा
दिव्यदृष्टि रणनीति चली समझौतावादी
बूझ बोर्ड की मंशा उस पर मुहर लगा दी
Powered By Blogger

यह मैं हूं

यह मैं हूं