बुधवार, 22 अक्टूबर 2008

छोड़ दिया है बाइज्जत नफरत का बंदर

नुक्ताचीनी का हुआ ढाबा ज्यों ही गर्म
निभा दिया सरकार ने राज-काज का धर्म
राज-काज का धर्म रात भर करके अंदर
छोड़ दिया है बाइज्जत नफरत का बंदर
दिव्यदृष्टि अब कितना ही उत्पात मचाए
फिर भी उसको पुलिस न कतई हाथ लगाए

सोमवार, 20 अक्टूबर 2008

हुई करारी हार बहुत रोए कंगारू

कंगारू रोए बहुत हुई करारी हार
याद रहे ताज़िंदगी उनको ऐसी मार
उनको ऐसी मार, हुआ है दूभर जीना
फेल हो गए ग्रेग खूब आ रहा पसीना
टीम इंडिया दिखलाई करतब संहारू
हुई करारी हार बहुत रोए कंगारू

महाराष्ट्र में कर रही नफरत का निर्माण

महाराष्ट्र में कर रही नफरत का निर्माण
सेना गुंडा राज की हो कैसे कल्याण
हो कैसे कल्याण, लोग रोते-पछताते
राजद मुखिया लालू मेंटल केस बताते
दिव्यदृष्टि चल गई अगर बदले की लाठी
बच पाएं किस भांति हमारे मित्र मराठी

कंगारू की कनपटी सौरभ ने की लाल

कंगारू की कनपटी सौरभ ने की लाल
रोए रिकी पॉन्टिंग चली न कोई चाल
चली न कोई चाल फेल सारे हथकंडे
रन बरसा कर गाड़ दिए धोनी ने झंडे
' दिव्यदृष्टि ' जाते-जाते बढ़ रही अमीरी
वाह-वाह क्या खूब चली है दादागीरी

शुक्रवार, 17 अक्टूबर 2008

हो प्रसन्न सब पायलट नाच रहे भरपूर

मुग्ध हुईं नभनारियां मुदित हुए मजदूर
हो प्रसन्न सब पायलट नाच रहे भरपूर
नाच रहे भरपूर, उदासी सिर से भागी
भला करें भगवान आत्मा उनकी जागी
दिव्यदृष्टि तू 'राज' काज के देख नजारे
हो गोयल भयभीत राह पर आए प्यारे

गुरुवार, 16 अक्टूबर 2008

नन्हे-मुन्ने ने किया टेस्ट क्रिकेट में टॉप

नन्हे-मुन्ने ने किया टेस्ट क्रिकेट में टॉप
बड़े-बड़ों पर सचिन ने छोड़ी अपनी छाप
छोड़ी अपनी छाप , प्रशंसक नाचे जम कर
लगे देखने लोग करिश्मा उनका थम कर
दिव्यदृष्टि यह घड़ी मुबारक आखिर आई
दुनिया करे सलाम भेजकर थोक बधाई

बुधवार, 15 अक्टूबर 2008

निवेशकों में मच रहा भारी हाहाकार

दुनिया भर में गिर रहे शेयर के बाजार
निवेशकों में मच रहा भारी हाहाकार
भारी हाहाकार , भाप बन गया रुपैया
दरक रही ' दीनार ' डूबती ' डालर ' नैया
दिव्यदृष्टि इसलिए करें कविताई घर में
शेयर के बाजार गिर रहे दुनिया भर में
Powered By Blogger

यह मैं हूं

यह मैं हूं