सोमवार, 9 मार्च 2009

जो रैगिंग के नाम पर ले साथी की जान

जो रैगिंग के नाम पर ले साथी की जान
उसको सभ्य समाज में मिले नहीं स्थान
मिले नहीं स्थान, डॉक्टर बन भी जाए
तो भी वह शैतान कसाई ही कहलाए
दिव्यदृष्टि लानत भेजो ऐसी मस्ती को
ले साथी की जान नाम पर रैगिंग के जो

लेक्चर देने आ गए बेशक हिन्दुस्तान

लेक्चर देने आ गए बेशक हिन्दुस्तान
मियां मुशर्रफ को मगर मिला न पूरा मान
मिला न पूरा मान, शान-शौकत में घाटा
मुसलमान नाराज दूर से कहते टाटा
दिव्यदृष्टि मनमोहन ने भी कतरे हैं पर
बेशक हिन्दुस्तान आ गए देने लेक्चर

सानी कोई सचिन का नहीं विश्व में आज

सानी कोई सचिन का नहीं विश्व में आज
अपने करतब से बने दिग्गज बल्लेबाज
दिग्गज बल्लेबाज, फील्ड में रन बरसाए
वाह-वाह कर सभी क्रिकेट प्रेमी हरसाए
गेंदबाज सब दिव्यदृष्टि कह रहे कहानी
नहीं विश्व में आज सचिन का कोई सानी

जान बचाए टीम की जब से मियां खलील

जान बचाए टीम की जब से मियां खलील
श्रीलंकाई तभी से करें बहुत गुड फील
करें बहुत गुड फील, फरिश्ता उसको मानें
दस्तावेजी तथ्य मगर वे लोग न जाने
'दिव्यदृष्टि' जो आज बना आंखों का तारा
उसका भाई गया फौज के हाथों मारा

बुधवार, 4 मार्च 2009

साठ साल में देश को बना दिया स्लमडाग

साठ साल में देश को बना दिया स्लमडाग
भूख, गरीबी, गन्दगी जहां खेलते फाग
जहां खेलते फाग, आग को चूल्हे तरसें
मिले न पानी साफ भले ही बादल बरसें
दिव्यदृष्टि घट रही नौकरी चढ़ता पारा
कांग्रेस किसकी जय हो का देती नारा?

सोमवार, 2 मार्च 2009

लेकर नाम जिहाद का हुए सिरफिरे चुस्त

लेकर नाम जिहाद का हुए सिरफिरे चुस्त
किन्तु सुरक्षा पाक की दीखे नहीं दुरुस्त
दीखे नहीं दुरुस्त, फेल सरकारी अमला
करें जंगजू जब चाहें मनमाफिक हमला
दिव्यदृष्टि हुक्काम करें बातें बड़बोली
है यह दीगर बात खिलाड़ी खाएं गोली
सारी दुनिया तथ्य यह साफ गई है जान
कठमुल्लों के हाथ में सिमटा पाकिस्तान
सिमटा पाकिस्तान, बेअसर हैं जरदारी
गिला करें गीलानी लश्कर पढ़ता भारी
दिव्यदृष्टि इसलिए न हमदर्दी दिखलाओ
दहशतगर्दों को सख्ती से सबक सिखाओ।

रविवार, 1 मार्च 2009

राजनाथ से करें युद्ध की सब तैयारी

ज्यों ही प्रेमी चांद का गिरा सियासी भाव
आया मन में फिजां के त्यों ही भारी ताव
त्यों ही भारी ताव , देख कर घटती शोहरत
चलीं गाजियाबाद लिए लड़ने की हसरत
दिव्यदृष्टि नर , किन्नर या परित्यक्ता नारी
राजनाथ से करें युद्ध की सब तैयारी
Powered By Blogger

यह मैं हूं

यह मैं हूं